त्योहारों से पहले प्रशासन अलर्ट : शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष फोकस

सरायकेला, 17 मार्च : आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ को लेकर विधि-व्यवस्था एवं आधारभूत तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय शांति समिति और अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए, जिनमें घाटों की साफ-सफाई, जल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, सड़क व नाली की सफाई, यातायात प्रबंधन और जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को इन सुझावों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जुलूस मार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अवरोध हटाने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने डीजे संचालन पर सख्त निगरानी रखने तथा भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा। संवेदनशील नदी घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी CHC और PHC को अलर्ट मोड में रखने तथा फायर ब्रिगेड को स्टैंडबाय पर रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने फ्लैग मार्च, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और दंडाधिकारियों की नियुक्ति के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात कही।
जिले में पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सजगता सराहनीय है। समय रहते की गई तैयारी और सख्त निगरानी व्यवस्था से यह उम्मीद जताई जा रही है कि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होंगे।


