चांडिल डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, पांच आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पूछताछ में सुरेश चौधरी के घर डकैती में शामिल होने की स्वीकारोक्ति, दो स्थानीय बदमाशों समेत तीन अन्य की तलाश जारी

चांडिल, 17 अक्टूबर : चांडिल बाजार के आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर 9 अक्टूबर की देर रात हुई भीषण डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला खरसावां पुलिस और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त रूप से गुप्त सूचना के आधार पर गोरहर थाना क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद जिले के कतरास स्थित श्यामडीह निवासी मोहिउद्दीन अंसारी, सिराजुद्दीन अंसारी और गुलजार अंसारी तथा बोकारो जिले के चंदनकियारी निवासी सोबराती अंसारी और शेख जमील शामिल हैं। पांचों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 25-26 सितंबर की रात चौपारण थाना क्षेत्र स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में एक परिवार को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ के दौरान चांडिल के व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती में शामिल होने की बात सामने आई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चांडिल की घटना में कुल आठ लोग शामिल थे। इनमें एक अन्य साथी फरार है, जबकि दो स्थानीय बदमाश भी वारदात में शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, दोनों स्थानीय आरोपी चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रहने वाले हैं।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

चांडिल पुलिस अब हजारीबाग जेल में बंद पांचों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। वहीं, डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं सक्रिय हुए थे और उन्होंने टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कराई थी। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। हालांकि, चांडिल बाजार के लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।

Share This Article