कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान, मां दुर्गा की आराधना में जुटे श्रद्धालु
चांडिल, 17 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कुकडू प्रखंड के सिरुम – रूपडू में श्री श्री सार्वजनिक शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। यहां 101 वर्षों से दुर्गा पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष पूजा का 101वां वर्ष होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
शुक्रवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूजा कमेटी की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि सिरूम रूपरू में वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। 101 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
वहीं, पूजा के धार्मिक अनुष्ठान के तहत सिरूम तालाब से कलश उठाकर मंदिर लाया गया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। कलश यात्रा और पंडाल के उद्घाटन के साथ ही पूरे क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ गई है। मां दुर्गा की आराधना को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।



