कपाली में अवैध रूप से जमीन कब्जा करने का आरोप, महिला ने दर्ज कराई प्राथमिकी

सरायकेला/चांडिल, 24 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र स्थित एक जमीन पर अवैध कब्जे और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सगुफ्ता अफजल (पति- अफजली हुसैन, निवासी- थाना रोड सं-09, रोड सं-17, क्रास रोड-7, नियर–रॉयल गार्डेन, मैराल होटल के बगल, कुवी रोड, थाना–आजादनगर, जिला–जमशेदपुर) ने कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि खाता संख्या 64, प्लॉट संख्या 1297, मौजा कपाली, हल्का सं-02 स्थित जमीन को जबरन हड़पने की नीयत से जहाँआरा और उनके सहयोगियों—फिरोज खान, परवेज खान, राजन खान और सफीक अंसारी—ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोपियों पर छल और धोखाधड़ी से नकली दस्तावेज बनवाकर उसे कूटरचित तरीके से प्रस्तुत करने और जबरन हस्ताक्षर करवाने का भी आरोप है।
वादिनी का कहना है कि उक्त दस्तावेजों के सहारे आरोपियों ने न सिर्फ जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की, बल्कि वादिनी के मकान का ताला तोड़कर उसमें जबरन घुसने का प्रयास भी किया। पूरे मामले को योजनाबद्ध साजिश बताते हुए उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कपाली ओपी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले की जांच पदाधिकारी सब-इंस्पेक्टर अनीता सोरेन को सौंपी गई है।
जमीन विवाद और फर्जीवाड़े से जुड़ा यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।



