मकर संक्रांति पर जयदा में लगेगा ऐतिहासिक टुसू मेला, तैयारी पूरी

Manbhum Updates
2 Min Read

मकर संक्रांति पर जयदा में लगेगा ऐतिहासिक टुसू मेला, तैयारी पूरी

चांडिल, 13 जनवरी : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चांडिल प्रखंड के जयदा में लगने वाले ऐतिहासिक टुसू मेला को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह पारंपरिक मेला पांच दिनों तक मनाया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल होंगे। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक टुसू मेला को लेकर जयदा स्थित प्राचीन कालीन ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है।

मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि टुसू मेला ग्रामीण संस्कृति का प्रतीक है। पहले मेले के दौरान पारंपरिक टुसू गीत, नृत्य और सुसज्जित टुसू का प्रदर्शन किया जाता था। समय के साथ अब मेला में काफी बदलाव आया है। मेला में अब ना टुसू देखने को मिलता है और ना टुसू गीत गाते और ढोल मांदर बजाते लोगों की टोली।

मेले को लेकर प्रशासन और मेला समिति ने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। साथ ही मेला परिसर में अस्थायी दुकानें, झूले और मनोरंजन के साधन भी लगाए गए हैं, जिससे बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

पुलिस – प्रशासन के साथ जयदा स्थित ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव मंदिर के महंत केशवानंद सरस्वती और मेला समिति ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए मेले का आनंद लेने की अपील की है। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित यह टुसू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Share This Article