सिकरम्बा पहाड़ियों में नक्सलियों का बारूद भंडार बरामद – संयुक्त सुरक्षा बलों ने किया नष्ट

सरायकेला-खरसावां, 02 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी के समीप सिकरम्बा गांव की पहाड़ियों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा वर्षों पूर्व छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किए। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में यह सफलता मिली।
सूचना थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले की नीयत से पहाड़ी इलाके में गोला-बारूद छिपा रखा है। इसके बाद सरायकेला-खरसावां पुलिस के नेतृत्व में चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने दलभंगा ओपी क्षेत्र के जंगली-पहाड़ी इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम को एक स्टील कंटेनर में प्लास्टिक की पांच बोरियों में कुल 125 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट पाउडर छिपा हुआ मिला। बताया गया कि प्रत्येक बोरी में 25 किलो विस्फोटक था। सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही इन विस्फोटकों को नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि नक्सलियों की मंशा सुरक्षा बलों को लक्ष्य बनाकर बड़ा हमला करने की थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
संयुक्त अभियान दल में सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ, एसएसबी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इस सफलता को नक्सल गतिविधियों पर करारा प्रहार बताया है और कहा है कि इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



