सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने दुर्गा पूजा को लेकर जारी किया रूट चार्ट, 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लागू रहेगा नो-एंट्री

सरायकेला, 27 सितंबर : आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के मद्देनज़र सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष रूट चार्ट जारी किया है। यह रूट चार्ट आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में प्रभावी रहेगा।
जारी निर्देश के अनुसार, 28 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक पूरे जिले में नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। इस अवधि में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, ताकि पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस ने बताया कि विस्तृत रूट चार्ट में वाहनों के प्रवेश और निकास मार्गों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। आम जनता और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी रूट चार्ट का पालन करें और सहयोग दें, ताकि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नज़दीकी थाना या यातायात पुलिस से संपर्क करें।



