उपायुक्त ने रूंगटा माइंस प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट का किया निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

सरायकेला, 21 मई : झारखंड उच्च न्यायालय, रांची द्वारा पारित आदेश एवं राज्य सरकार के निर्देशों के आलोक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को राजनगर प्रखंड अंतर्गत रूंगटा माइंस प्राइवेट लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने संभावित दुर्घटना स्थलों, ब्लैक स्पॉट, भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं औद्योगिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।

प्लांट परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संस्थान क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन, पार्किंग व्यवस्था, प्रतिदिन वाहनों के आगमन, विगत एक माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी लिया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होनी चाहिए तथा इसके लिए संस्थान एवं संबंधित विभाग नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

उन्होंने संस्थान प्रबंधन को सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, संस्थान एवं संबंधित सड़कों पर आपातकालीन सेवा हेतु एंबुलेंस एवं फायर वाहन को सदैव एक्टिव मोड में रखने तथा बड़े वाहनों हेतु निर्धारित गति सीमा प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित दुर्घटना क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट एवं बड़े आकार के चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया।

उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रूंगटा माइन्स प्राइवेट लिमिटेड को दो स्थानों पर यातायात चेक पोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि भारी वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग एवं यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। मौके पर उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चालियामा का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आपातकालीन उपचार व्यवस्था एवं संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की।

Share This Article