जे.के.एस. इंटर कॉलेज में तिमंजिला भवन का उद्घाटन, विधायक सरयू राय बोले – “मजबूत नींव से ही गगनचुंबी इमारत का निर्माण संभव”
जमशेदपुर, 27 सितंबर : मानगो स्थित जे.के.एस. इंटर कॉलेज का तिमंजिला नया भवन शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं कॉलेज के अध्यक्ष सरयू राय ने फीता काटकर उद्घाटित किया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा, “जिस प्रकार मजबूत नींव से ही ऊंची और टिकाऊ इमारत खड़ी होती है, उसी प्रकार विद्यार्थी किसी भी संस्था की सशक्त नींव होते हैं। शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों में ज्ञान का दीप प्रज्वलित करें, जिससे यह प्रकाश पूरे समाज और विश्व को आलोकित कर सके।” उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलेज के विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वरिष्ठ शिक्षाविद एस.पी. सिंह ने जैन कल्याण समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वकर्स कॉलेज के प्राचार्य एस.पी. महालिक ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की गुणवत्ता शिक्षकों और विद्यार्थियों के संतुलन से तय होती है। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से कॉलेज की शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति होगी।
महाविद्यालय के सचिव एवं शिक्षाविद डॉ. ए.पी. सिंह ने कॉलेज में संचालित शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी और कहा कि संस्था गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए कृतसंकल्प है।
महाविद्यालय की प्राचार्या ओ. रीता सिंह ने जैन कल्याण समिति, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और विद्यार्थियों ने मिलकर नए भवन के उद्घाटन की खुशी साझा की और कॉलेज की निरंतर प्रगति की कामना की।