एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कांड्रा, ईचागढ़ व तिरुलडीह थाना का किया औचक निरीक्षण, पुलिसिंग व्यवस्था की परखी हकीकत
ईचागढ़/कुकडू, 31 जुलाई : सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने शुक्रवार को जिले के कांड्रा, ईचागढ़ एवं तिरुलडीह थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थानों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई की प्रगति, थाना रिकॉर्ड के रख-रखाव और पुलिस अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नियमित गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा वारंट और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एसपी ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनविश्वास मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करें।