जमशेदपुर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, गोलमुरी के होटल से कई संदिग्ध हिरासत में – पूछताछ जारी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, गोलमुरी के होटल से कई संदिग्ध हिरासत में – पूछताछ जारी

जमशेदपुर, 31 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम पुलिस शहर में अपराध नियंत्रण एवं नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चला रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच, होटल सत्यापन अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान का अभियान तेज कर दिया गया है। देर रात तक चल रही गश्ती और छापेमारी से अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

इसी अभियान के तहत गुरुवार देर रात गोलमुरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र स्थित स्काई लॉज में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में पिछले कई महीनों से ठहरे कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी लोग रांची के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि होटल में कुछ लोग लंबे समय से ठहरे हुए हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर सभी संबंधित व्यक्तियों के पहचान पत्र, दस्तावेज और ठहरने से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद सभी को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये लोग कई महीनों से जमशेदपुर में किस उद्देश्य से रह रहे थे। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, पहचान संबंधी दस्तावेजों तथा शहर में उनकी गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका किसी आपराधिक गिरोह, नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है।

पुलिस होटल प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है कि इतने लंबे समय तक ठहरे लोगों का आवश्यक सत्यापन कराया गया था या नहीं तथा होटल संचालन से जुड़े नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की संभावना है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पूर्वी सिंहभूम पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के खिलाफ फिलहाल किसी अपराध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Share This Article