नीमडीह : बीडीओ ने किया गुंडा पंचायत का औचक निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 11 मई : नीमडीह के प्रखंड विकास पदाधिकारी केएस अभिवन ने सोमवार को ग्राम पंचायत गुंडा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों और सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कार्यालय के रखरखाव और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। मौके पर उन्होंने कार्यालय अभिलेख, डिस्पैच रजिस्टर, इंडेक्स रजिस्टर और इश्यू रजिस्टर की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कैशबुक और सरकारी राशि के सदुपयोग का मिलान किया गया। उन्होंने मनरेगा के तहत चल रही योजनाओं में मजदूरों की उपस्थिति और मस्टर रोल की जांच किया। इसके साथ ही 15वीं वित्त आयोग से पंचायत स्तर पर हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास और अबुआ आवास के तहत लंबित पड़े मकानों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

‘ज्ञान केंद्र’ का शुभारंभ

इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में पंचायत में ‘ज्ञान केंद्र’ (पुस्तकालय/अध्ययन केंद्र) का उद्धघाटन भी किया गया। बीडीओ ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया और कहा कि यह केंद्र ग्रामीण छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ग्रामीणों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना, साथ ही संबंधित अधिकारियों को जल्द निष्पादन का भरोसा दिलाया।

पंचायत सचिव को निर्देश

निरीक्षण के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पंचायत सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत के कामकाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करे एवं जनसमस्या पर त्वरित कार्यवाई करते हुए उनकी समस्या का निदान करे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निपटारा समयबद्ध तरीके से हो और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पंचायत कार्यालय को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी रजिस्टर प्रतिदिन अपडेट होने चाहिए।

Share This Article