DLSA की ओर से विद्यालय में मोटर व्हीकल एक्ट व सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

DLSA की ओर से विद्यालय में मोटर व्हीकल एक्ट व सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चांडिल, 27 नवंबर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर चांडिल प्रखंड के बानसा स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में लीगल लिटरेसी क्लब के द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के तत्वावधान में तथा DLSA के सचिव तौसीफ मेराज के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं को पीएलवी अरुण कुमार महतो ने मोटर व्हीकल एक्ट तथा सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग, ओवरलोडिंग से बचाव, ट्रैफिक संकेतों का पालन, सीट बेल्ट की अनिवार्यता और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से बताया।

इसके बाद पीएलवी वंदना महतो ने नशा मुक्ति, बाल विवाह रोकथाम तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह के खतरे और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी रामनाथ होता, सहायक शिक्षक प्रशांत कुमार गांगुली समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विधिक जागरूकता बढ़ाना और समाज में सुरक्षित व जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देना था।

Share This Article