प्रतियोगी परीक्षाओं को सफल बनाने के लिए डीसी एवं एसपी ने की समीक्षा बैठक, दंडाधिकारियों व पुलिस कर्मियों को मिली टिप्स
सरायकेला, 15 जुलाई : आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को सरायकेला स्थित टाउन हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। इसमें परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में परीक्षा के सफल संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, यातायात प्रबंधन, समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा सभी अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।