कांड्रा चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान, यातायात नियमों के पालन का दिया गया संदेश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांड्रा/सरायकेला, 09 जून : सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कांड्रा चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व डीआरडीए निदेशक सह जिला परिवहन पदाधिकारी अजय तिर्की ने किया। अभियान में सड़क सुरक्षा टीम और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

जांच के दौरान बस, टैक्सी, निजी कारों समेत विभिन्न व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के उपयोग और मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, बिना वैध दस्तावेज वाहन परिचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से ऐसे जांच एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने और सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की है।

Share This Article