कुकडू में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान जागरूकता सह ऋण शिविर आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकड़ू, 09 जून : किसानों को संस्थागत कृषि ऋण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान जागरूकता सह ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा तथा अन्य कृषि संबंधी वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पात्र किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही कृषिका ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए किसानों को डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शिविर में वित्तीय साक्षरता पर विशेष सत्र आयोजित कर किसानों को बचत, पारिवारिक बजट प्रबंधन, डिजिटल भुगतान प्रणाली, यूपीआई के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण, पशुपालन एवं मत्स्य पालन से जुड़े किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

बैंक प्रतिनिधियों ने प्राप्त केसीसी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कर 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। वहीं ऋण चुकाने में कठिनाई झेल रहे किसानों को वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना की भी जानकारी दी गई।

अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से समय पर बैंकिंग संस्थानों से कृषि ऋण लेने, फसलों का बीमा कराने तथा केवल अधिकृत वित्तीय संस्थानों का उपयोग करने की अपील की। शिविर में बैंक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Share This Article