भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आजसू ने दी श्रद्धांजलि, फिर उलगुलान का किया आह्वान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 09 जून : भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को आजसू पार्टी ने रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर महान जननायक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने झारखंडी जनता के हक, सम्मान और पहचान की रक्षा के लिए फिर से उलगुलान की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण किया। डॉ. भगत ने कहा कि बिरसा मुंडा ने शोषण, अन्याय और दमन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और अस्मिता की रक्षा की। उनका जीवन जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक है।

वहीं प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और मूलवासी-आदिवासी हितों की रक्षा के प्रति सभी को प्रतिबद्ध होना होगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी उनके आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article