विश्व आदिवासी दिवस पर महारैली, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर, मानभूम अपडेट्स,9 अगस्त : विश्व आदिवासी दिवस पर शनिवार को जमशेदपुर में “आदिवासी अधिकार महारैली” का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत श्रीघुटु फुटबॉल मैदान से हुई, जहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

बाइक रैली गौड़गोड़ा हाट मैदान पहुंचने के बाद पैदल रैली में बदल गई, जो बाबा तिलकामांझी चौक, डिमना तक गई। वहां तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और संक्षिप्त सभा के बाद रैली पुनः गौड़गोड़ा हाट मैदान लौटी, जहां अंतिम सभा आयोजित हुई।
सभा में आदिवासी एकता मंच के सुनील हेंब्रम ने पेसा कानून और सीएनटी एक्ट के सख्त व पूर्ण कार्यान्वयन की मांग की तथा लंबित मामलों के निपटारे के लिए फास्टट्रैक कोर्ट गठन पर जोर दिया। राखल सोरेन ने भी सीएनटी एक्ट लागू करने में देरी न करने और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
रैली में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बाइक और पैदल रैली के दौरान आदिवासी एकता और अधिकारों की रक्षा के नारे गूंजते रहे।



