नीमडीह : जंगली हाथी का आतंक, धान की फसल रौंदकर होदागौड़ा गाँव में किया प्रवेश

नीमडीह, 29 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के होदागौड़ा गाँव में गुरुवार रात एक जंगली हाथी के प्रवेश से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। यह वही हाथी है जिसने हाल ही में चांडिल थाना क्षेत्र के रसुनिया पंचायत के विभिन्न गांवों में उत्पात मचाते हुए ग्रामीणों के घरों और फसलों को नुकसान पहुँचाया था।
ग्रामीणों के अनुसार, सैकड़ों खेतों में लगी धान की फसल को रौंदते हुए हाथी गाँव की ओर बढ़ आया है। अचानक हाथी को देखकर लोग टॉर्च लाइट, मशाल और ट्रैक्टर की मदद से उसे आबादी वाले क्षेत्र से भगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह हाथी नीमडीह थाना क्षेत्र के कुशपुतुल, जामडीह, गुंडा और सीमा आदि गाँवों में भी कई दिनों तक सक्रिय रहा था। पिछले दो दिनों से यह हाथी कहीं दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन गुरुवार रात फिर से इसकी मौजूदगी दर्ज की गई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाथी आए दिन राहगीरों पर हमला कर रहा है, घरों और स्कूल भवनों को नुकसान पहुँचा रहा है और धान की खड़ी फसलों को रौंद रहा है। कई बार तो वह घरों और स्कूलों में रखे अनाज को भी अपना भोजन बना लेता है।
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अक्सर हाथियों का झुंड गाँवों में घुस आता है और नुकसान पहुँचाता है, लेकिन इस बार अकेला हाथी ही ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। ग्रामीण लगातार प्रशासन और वन विभाग से राहत की गुहार लगा रहे हैं।


