आसनबनी में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, बाल विवाह, साइबर अपराध व अफवाहों से बचने का दिया संदेश
चांडिल, 08 जून : सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चांडिल थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के आसनबनी पंचायत सचिवालय में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुखिया, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
अभियान के दौरान बाल विवाह, डायन प्रथा, बच्चा चोरी की अफवाह, साइबर अपराध, डायल-112 सेवा, नशा मुक्ति तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कानून के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में लोग कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध घटना या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और सनसनीखेज खबरों पर आंख मूंदकर विश्वास न करें तथा किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहें कई बार सामाजिक तनाव और अप्रिय घटनाओं का कारण बनती हैं। इसलिए अफवाहों से दूर रहकर एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं। साथ ही डायन प्रथा, बाल विवाह और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ समाज को संगठित होकर लड़ने की जरूरत है।
थाना प्रभारी ने कहा कि शिक्षित और जागरूक समाज ही अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज की नींव रख सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुखिया बिदु मुर्मू, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, रवींद्र तंतुबाई, उपमुखिया प्रदीप महतो, शंकर मंडल सहित पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहिया एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।