रायरंगपुर में हो प्रतिभाओं का महाकुंभ – झारखंड-ओडिशा के सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान
जमशेदपुर/ रायरंगपुर, 08 जून : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हो समुदाय के छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “हो’ ज्ञान बाती सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन 7 जून को ओडिशा के रायरंगपुर शहर में किया गया। “हो’ ज्ञान बगान” के बैनर तले आयोजित इस समारोह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की विशेषता यह रही कि इसमें केवल ओडिशा ही नहीं, बल्कि झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के मेधावी हो छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जोलेन नायक उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में माधुरी कोड़ा, दिनेश चंद्र पुरती, गंगाधर हेंब्रम, बोंजो सुंडी, डॉ प्रिया देवगम, प्रकाश पूर्ति तथा रविंद्र तियु शामिल हुए।
झारखंड से हो समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हुए देशाउली फाउंडेशन के संस्थापक साधु हो को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और उन्हें उच्च शिक्षा तथा प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का सफल संचालन माई पूनम पूरती ने किया। आयोजन को सफल बनाने में हो’ ज्ञान बगान के संस्थापक गोमेया ओमोंग के नेतृत्व में कल्पना बागे, चंद्रिका कोंडेंगकल तथा अन्य युवा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हो समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता सकारात्मक बदलाव का संकेत है। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा आयोजन शिक्षा और सामाजिक एकता के उत्सव में बदल गया।