आसनबनी के कालीकानगर में विश्वनाथ मंदिर का उद्घाटन 28 फरवरी को

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आसनबनी के कालीकानगर में विश्वनाथ मंदिर का उद्घाटन 28 फरवरी को

चांडिल , 10 फरवरी : सन्यासी आश्रम, जुना अखाड़ा ट्रस्ट की ओर से ब्रह्मलीन गुरू शंकरानंद सरस्वती की पावन प्रेरणा से तथा श्री महंत विद्यानंद सरस्वती के कुशल मार्गदर्शन में चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी के टोला कालीकानगर में भव्य विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया गया है। मंदिर का रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम जोरों पर चल रहा है। यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक चेतना को सशक्त करने के साथ-साथ सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक बनेगा।

इस संबंध में जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह आश्रम के श्री महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि प्राचीन काल से आस्था का केंद्र रहे वनदेवी काली मंदिर के निकट निर्मित यह विश्वनाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए एक नया आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। मंदिर परिसर में शांत, पवित्र एवं आध्यात्मिक वातावरण सृजित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को ध्यान, साधना एवं पूजा-अर्चना के लिए उपयुक्त स्थान प्राप्त हो सकेगा।

नवनिर्मित विश्वनाथ मंदिर का विधिवत उद्घाटन आगामी 28 फरवरी 2026 को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो के कर-कमलों द्वारा संपन्न किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार तथा विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर अखाड़े से जुड़े संत-महात्माओं, विभिन्न आश्रमों के साधु-संतों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है।

आश्रम ट्रस्ट के संरक्षक श्री महंत विद्यानंद सरस्वती के अनुसार, मंदिर निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता तथा सनातन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। उद्घाटन समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आश्रम ट्रस्ट की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। विश्वनाथ मंदिर के उद्घाटन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Share This Article