नगरपालिका चुनाव 2026: माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण संपन्न

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नगरपालिका चुनाव 2026: माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण संपन्न

सरायकेला, 9 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर सोमवार को नगर भवन सभागार, सरायकेला में माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कोषांग द्वारा आयोजित इस सत्र का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान से संबंधित अधिनियमों, नियमों, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माइक्रो ऑब्जर्वर केवल सामान्य पर्यवेक्षक को ही प्रतिवेदन देंगे और किसी अन्य निर्वाचन पदाधिकारी को रिपोर्ट नहीं करेंगे। बताया गया कि माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान दिवस के दौरान अपने आवंटित मतदान केंद्र पर पूरे समय उपस्थित रहेंगे और मतदान प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक की सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे। इसमें मतदान दल की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की पहचान, अमिट स्याही का प्रयोग, मतपेटी की सीलिंग, मतदान की गोपनीयता एवं निर्धारित समय का अनुपालन शामिल है।

 

किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा आयोगीय निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल सामान्य पर्यवेक्षक को सूचना देना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण सत्र मास्टर ट्रेनर तरुण कुमार सिंह एवं प्रभाशंकर तिवारी द्वारा दिया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के कई पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article