प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नीमडीह में 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नीमडीह में 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

नीमडीह, 05 जनवरी : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रखंड कार्यालय नीमडीह में 9 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला बैच कुल 60 प्रतिभागियों का है, जो पूरी तरह भर चुका है और इसका शुभारंभ सोमवार से हो गया है।

प्रशिक्षणार्थियों को कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क भोजन एवं नाश्ता की सुविधा प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात प्रतिभागियों को सोलर एजेंसियों में 6 महीने के लिए रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें न्यूनतम वेतन 15 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। इसके साथ ही 100 प्रतिशत तत्काल नौकरी की संभावना बताई गई है। कार्य क्षेत्र के रूप में गुजरात, राजस्थान, पंजाब सहित अन्य राज्यों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।

स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए 3 लाख से 5 लाख रुपये तक के बिजनेस सेटअप की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें सब्सिडी युक्त ऋण तथा एक वर्ष तक हैंड-होल्डिंग सपोर्ट यानी मार्गदर्शन और सहायता भी प्रदान की जाएगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 21 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां पात्र हैं, जिन्होंने मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण की हो।

यह कार्यक्रम निसबड, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और आरईसी, भारत सरकार द्वारा संचालित है।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि दूसरे बैच का पंजीकरण शुरू हो चुका है, जिसमें इच्छुक एवं पात्र प्रशिक्षणार्थी आवेदन कर सकते हैं। दूसरे बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 जनवरी से आयोजित किया जाएगा।

इस योजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ-साथ सोलर ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Share This Article