शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए झारखंड में 6 से 8 जनवरी तक स्कूल बंद

रांची, 05 जनवरी : शीतलहर एवं कड़ाके की ठंड के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्यभर के विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद रखने का आदेश जारी किया है। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार राज्य में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में दिनांक 06 से 08 जनवरी 2026 तक प्री-नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी।
हालांकि, इस अवधि में सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो संबंधित सक्षम प्राधिकारी अपने विवेक से परीक्षा संचालन के संबंध में निर्णय ले सकेंगे। विभागीय प्रस्ताव पर सरकार के अपर सचिव द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस आदेश की प्रति संबंधित विभागीय अधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
सरकार के इस निर्णय से विद्यार्थियों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं अभिभावकों ने भी इसे बच्चों के स्वास्थ्य के हित में उठाया गया कदम बताया है।



