चौका थाना क्षेत्र में पुलिस ने चलाया अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध सत्यापन व जागरूकता अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका थाना क्षेत्र में पुलिस ने चलाया अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध सत्यापन व जागरूकता अभियान

चांडिल, 05 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देशानुसार सोमवार को चौका थानांतर्गत ग्राम मुटुदा में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध व्यापक सत्यापन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान चौका थाना, एसएसबी मतकमडीह एवं एसएसबी रायजामा के सशस्त्र बल के संयुक्त सहयोग से संचालित किया गया।

अभियान के दौरान भौतिक रूप से तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से खेतों का सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि ग्राम मुटुदा के कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की खेती की गई है, जबकि अधिकांश भूमि परती पाई गई। सत्यापन के दौरान किसी भी खेत में अफीम की अवैध खेती की पुष्टि नहीं हुई।

इसके साथ ही ग्राम मुटुदा में चौका पुलिस द्वारा अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध से संबंधित विषय पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान चौका थाना प्रभारी, एसएसबी मतकमडीह एवं एसएसबी रायजामा के अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभावों तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस एवं एसएसबी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम की खेती के स्थान पर वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस क्रम में किसानों के बीच चना, मटर एवं सरसों के बीज का वितरण भी किया गया।

साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग एवं सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत करीब 100 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया, जबकि बच्चों को पुस्तक, कलम एवं चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया।

ग्रामीणों ने पुलिस एवं एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा जताया। अभियान से क्षेत्र में नशा उन्मूलन, वैकल्पिक आजीविका तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share This Article