दो दिनों से सीवरेज टंकी में फंसा था मवेशी, स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर निगम ने जेसीबी से तोड़वाया टंकी का हिस्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दो दिनों से सीवरेज टंकी में फंसा था मवेशी, स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर निगम ने जेसीबी से तोड़वाया टंकी का हिस्सा

आदित्यपुर, 22 अगस्त : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल पब्लिक स्कूल के समीप हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित सीवरेज टंकी से मवेशी के फंसे होने की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने टंकी के अंदर झांककर देखा तो एक मवेशी करीब दो दिनों से उसमें फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल आदित्यपुर नगर निगम को इसकी जानकारी दी।

मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और जेसीबी के साथ टीम को मौके पर भेजा गया। नगर निगम की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टंकी का रास्ता संकरा होने के कारण जेसीबी की सहायता से उसके एक हिस्से को तोड़ा गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद मवेशी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मवेशी के बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि यदि समय रहते इसकी जानकारी नहीं मिलती तो टंकी में फंसे मवेशी की जान भी जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

फिलहाल मवेशी को आदित्यपुर नगर निगम की अभिरक्षा में रखा गया है। नगर निगम की ओर से उसके स्वामी की पहचान की जा रही है। प्रशासन के अनुसार स्वामी का पता चलने के बाद नियमानुसार विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में खुले अथवा असुरक्षित सीवरेज टैंक और अन्य गड्ढों को चिह्नित कर उन्हें सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article