कांदरबेड़ा पंचवटी शिव मंदिर में महायज्ञ के साथ नया शिवलिंग स्थापित, प्राण प्रतिष्ठा संपन्न 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांदरबेड़ा पंचवटी शिव मंदिर में महायज्ञ के साथ नया शिवलिंग स्थापित, प्राण प्रतिष्ठा संपन्न 

श्रद्धालुओं ने उमड़ाया आस्था, कलश यात्रा से लेकर पौधरोपण तक हुआ भव्य आयोजन

चांडिल, 31 जुलाई : प्रखंड के कांदरबेड़ा स्थित सार्वजनिक पंचवटी शिव मंदिर में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ और पूजा-अर्चना के साथ नया शिवलिंग स्थापित किया गया। इस दौरान शिवलिंग की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व बुधवार को 107 महिलाओं और कन्याओं ने स्वर्णरेखा नदी से जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा से लाया गया पवित्र जल शिव मंदिर और नवस्थापित शिवलिंग पर अभिषेक के रूप में अर्पित किया गया। इसके बाद बुधवार रात से ही यज्ञ-हवन, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया जो गुरुवार तक जारी रहा।

प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर एवं आसपास पौधरोपण किया गया, जिसे लोगों ने सराहनीय पहल बताया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन में क्षेत्रवासियों सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालु भी सम्मिलित हुए और आस्था प्रकट की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में मंदिर का पुराना शिवलिंग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद विद्वानों और पुजारियों से परामर्श कर सावन माह में नए शिवलिंग की स्थापना का निर्णय लिया गया। आज का यह आयोजन मंदिर एवं समुदाय के लिए एक नया आध्यात्मिक अध्याय साबित हुआ।

Share This Article