दक्षिणी छोटानागपुर के 790 किसानों को मिले कृषि यंत्र, कृषि मंत्री ने किया वितरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दक्षिणी छोटानागपुर के 790 किसानों को मिले कृषि यंत्र, कृषि मंत्री ने किया वितरण

गुमला में आयोजित प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की हुईं शामिल

रांची/गुमला, 31 जुलाई : गुमला के कार्तिक उरांव महाविद्यालय सभागार में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रहीं। उन्होंने प्रमंडल के पांच जिलों के 155 कृषक समूहों सहित कुल 790 किसानों के बीच करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य के कृषि यंत्रों का वितरण किया।

वितरित किए गए यंत्रों में 62 बड़ा ट्रैक्टर, 5 मिनी ट्रैक्टर, 235 पंप सेट और 9 अन्य सहायक कृषि यंत्र शामिल हैं। मंत्री ने इस मौके को दक्षिणी छोटानागपुर के किसानों के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि राज्य का विकास तभी संभव है जब ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जाए। इसके लिए किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि विभाग अनुदानित दर पर ट्रैक्टर से लेकर पंप सेट तक उपलब्ध करा रहा है। साथ ही किसानों को जागरूक करने पर भी बल दिया गया, ताकि वे योजना का पूरा लाभ उठा सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग की किसी योजना में अंशदान के लिए ऑनलाइन भुगतान का कोई प्रावधान नहीं है, अतः किसान किसी भी बिचौलिए से सावधान रहें।

मंत्री तिर्की ने कहा कि आज बदलाव की दिशा में एक अहम कदम तब दिखता है जब गांव की महिलाएं ट्रैक्टर का स्टेयरिंग थामकर खेतों की जुताई करती हैं। उन्होंने सभी किसानों से विभाग की योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने भी भाग लिया और किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर किसानों में काफी उत्साह देखा गया।

Share This Article