करम गीतों और मांदर की थाप से गूंजा घोड़ानेगी, हजारों लोगों ने मनाया प्रकृति और भाई-बहन के प्रेम का पर्व

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

करम गीतों और मांदर की थाप से गूंजा घोड़ानेगी, हजारों लोगों ने मनाया प्रकृति और भाई-बहन के प्रेम का पर्व

चांडिल, 17 सितंबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के घोड़ानेगी छाता मेला मैदान में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (JLKM) की ओर से विराट करम पर्व का आयोजन किया गया। पारंपरिक गीत-संगीत, करम नृत्य और मांदर की थाप के बीच आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और झारखंडी संस्कृति की रंगीन छटा देखने को मिली।

कार्यक्रम में JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों तथा करम गीतों के साथ स्वागत किया।

मौके पर जयराम महतो ने कहा कि करम पर्व केवल धार्मिक या पारंपरिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा पर्व है। यह भाई-बहन के स्नेह के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान और समाज की सामूहिक एकजुटता का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि झारखंडी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है। करम पर्व जैसे सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से लोक संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं।

उन्होंने ईचागढ़ क्षेत्र के लोगों को करम पर्व की शुभकामनाएं दीं और JLKM के अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक करम नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। मांदर की थाप और करम गीतों के बीच देर शाम तक घोड़ानेगी छाता मेला मैदान में उत्सवी माहौल बना रहा। आयोजन में झारखंडी संस्कृति, लोक परंपरा और सामुदायिक सहभागिता का संगम देखने को मिला।

Share This Article