आदित्यपुर में बड़ी साजिश नाकाम, दो हथियार के साथ पाँच अपराधी गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

आदित्यपुर में बड़ी साजिश नाकाम, दो हथियार के साथ पाँच अपराधी गिरफ्तार

सरायकेला, 19 सितंबर : त्योहारों से पहले जिले में अपराधियों की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र से पाँच अपराधियों को हथियार के साथ धर दबोचा है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक राइफल (.315) और जिंदा गोली बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण व अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आदित्यपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि राममडैया बस्ती के पास कुछ युवक अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सरायकेला समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहले करण कुमार सिंह और टुनु लोहार को देशी कट्टा के साथ रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों – करण राय, अंगद कुमार और गोपाल दास उर्फ चौड़ा – के पास भी हथियार होने की बात कबूल की। तत्पश्चात पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को एक राइफल (.315) और एक गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनमें टुनु लोहार और गोपाल दास उर्फ चौड़ा कई गंभीर मामलों जैसे हत्या, लूट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और चोरी के मामलों में पूर्व से अभियुक्त रहे हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने एक देशी कट्टा तथा एक (.315) राइफल और एक गोली बरामद किया है। वहीं, करण कुमार (22), मिरुडीह, टुनु लोहार (32), राममडैया बस्ती, करण राय (23), आदित्यपुर भाटिया बस्ती, अंगद कुमार (27), सातबहनी, गोपाल दास उर्फ चौड़ा (25), श्रीडुंगरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article