जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर

नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु संबंधित विभागों को दिए निर्देश

जमशेदपुर, 31 जुलाई : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद कार्यालय, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, डंप यार्ड, नगर परिषद पार्क और आयुष्मान आरोग्य मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि क्षेत्र में नागरिक सुविधाएं बेहतर हों, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, सफाईकर्मियों की तैनाती, फाइल संधारण और नागरिक सेवाओं के निष्पादन की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित किया जाए ताकि आम जनता को त्वरित और सुलभ सेवाएं मिल सकें। उन्होंने मार्केट प्लेस में बने दुकानों का भी निरीक्षण किया और कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान को शीघ्र आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।

नगर परिषद पार्क में सौंदर्यीकरण पर जोर

पार्क का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने स्वच्छता, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने जुस्को प्रबंधन से समन्वय कर दिन के समय भी बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों को अधिक सुविधा मिल सके।

डंप यार्ड और कचरा प्रबंधन पर सख्ती

उपायुक्त ने डंप यार्ड का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के जल्द हस्तांतरण का निर्देश

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इसे शीघ्र नगर परिषद को हस्तांतरित किया जाए, जिससे पेयजल व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं की समीक्षा

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वहां मौजूद दवाओं के भंडारण, चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवनस्तर और सुविधाएं मिल सकें।

Share This Article