चांडिल अनुमंडल के ग्रामांचलों में रात के अंधेरे में कहर बरपा रहे जंगली हाथी

नीमडीह, 22 अगस्त : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामांचलों में इन दिनों जंगली हाथी रात के अंधेरे में कहर बरपा रहे हैं। रात के अंधेरे में गांव में घुसकर जंगली हाथी फसल के अलावा मकान और दुकान को अपना निशाना बना रहे हैं। मकान और दुकान को क्षतिग्रस्त कर जंगली हाथी खाद्यान्नों को अपना निवाला बना रहे और सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन दिनों अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह और प्रखंड क्षेत्र में हाथी का कहर है। बारिश के इस मौसम में बेघर हो रहे लोगों का दुखों का निराकरण करने वाला कोई सामने नहीं आ रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

एक रात तोड़े तीन मकान व दो दुकान
नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार की रात अकेले घुम रहे दंतैल हाथी का उत्पात चरम पर देखा गया। दांत वाला जंगली हाथी ने एक ही रात अलग-अलग गांवों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए तीन मकान और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर अपना पेट भरने का काम किया। मिली जानकारी के अनुसार जंगली हाथी ने पहले डीटांड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यहां उेवेन सिंह के मकान पर धावा बोलकर हाथी ने मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने मकान के अंदर र,खे चावल को अपना निवाला बनाकर और जमीन में बिखेर कर नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि जिस कमरे पर हाथी ने धावा बोला उस कमरे में देवेन सिंह का भाई माठो सोया था। हाथी के हमले के दौरान वह कमरे से सटे गली से भाग कर दूसरे कमरे में छुपकर अपनी जान बचाई।

बुधु कर्मकार को किया बेघर
डीटांड में मकान को क्षतिग्रस्त कर चावल खाने के बाद हाथी हुरूंडीह पहुंचा। 10-11 घर वाले इस गांव में हाथी ने बुधु कर्मकार के मकान पर धावा बोल दिया। हाथी ने बुधु कर्मकार के मकान को पुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे मकान के अंदर रखे सभी सामन को भी नुकसान पहुंचा। हाथी के आने की सूचना मिलते ही गांव के सभी लोग गांव के एकमात्र छत वाले मकान के छत पर चढ़ गए थे। मकान को नुकसान पहुंचने के बाद हाथी चांडिल डैम के पानी के अंदर चला गया। इसके बाद पानी से बाहर निकलकर हाथी सीमा गांव की और चल दिया। ग्रामीणों ने एकजुटता के साथ हाथी को सुरक्षित गांव के बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन हाथी अपनी धुन पर ही चलता रहा।

दो दुकान व एक मकान को किया क्षतिग्रस्त
नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के सीमा गांव में दंतैल हाथी ने एक मकान और दो दुकानों को तहस-नहस कर दिया। दंतैल हाथी ने सीमा गांव के भुपाल महतो के मकान पर धावा बोलकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने मकान का दरवाजा तोड़कर मकान के अंदर रखे चावल को अपना आहार बनाया। इसके साथ हाथी ने गांव के गोविेंद महतो के दुकान को तोड़कर चार बोरा मुढ़ी को खायाकर और बिखर कर नुकसान किया। इसके बाद जंगली दंतैल हाथी ने नरसिंह दास के दुकान को भी नुकसान पहुंचाया। दुकान में रखे चिप्स और कुरकुरे के पैकेट को भी क्षति पहुंचाया। हाथी के दहशत से क्षेत्र के ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी घरों में घुसकर अनाज खा रहा है। हाथी के अचानक हमले से ग्रामीण क्षेत्रों में खौफ और तनाव का माहौल है।



