श्रद्धा व भक्ति भाव से मनाया गया गुरु पूर्णिमा, शिष्यों ने लिया गुरु का आशीर्वाद

चांडिल, 10 जुलाई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार को श्रद्धा व भक्ति भाव से गुरु पूर्णिमा मनाया गया। इस अवसर पर शिष्यों ने पूजा – अर्चना कर अपने – अपने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा के मौके पर फदलोगोड़ा स्थित प्राचीन कालीन वन देवी काली मंदिर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में शिष्यों ने गुरु श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती की पूजा की और उन्हें उपहार भेंट कर उनसे आशीर्वाद लिया। काली मंदिर में महंत मेघानंद सरस्वती, महंत इंद्रानंद सरस्वती, मधुसूदन गोराई, हरे लाल महतो, प्रबोध उरांव, हिकिम चंद्र महतो, विश्वरंजन महतो उर्फ कार्तिक महतो, खगेन महतो, नित्यानंद महतो, शंकर मंडल, मिठू मंडल, प्रदीप गिरी समेत जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
इसके अलावा गुरु पूर्णिमा पर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न स्कूल-कॉलेज व मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में लोगों ने पूजा-अर्चना कर अपने-अपने गुरु के प्रति कृतज्ञता जाहिर की। गुरु पूर्णिमा हर वर्ष आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। इस दिन, शिष्य अपने गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। गुरु पूर्णिमा को वेद व्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है, जिन्होंने वेदों का विभाजन किया और महाभारत जैसे महाकाव्य की रचना की थी।



