चांडिल के चर्चित विवाद का शांतिपूर्ण अंत, थाने में लिखित समझौते के बाद दोनों पक्षों ने वापस लिया विवाद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 24 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में पिछले दिनों कथित रंगदारी और धमकी के आरोपों को लेकर चर्चा में आया मामला अब आपसी सहमति से समाप्त हो गया है। दोनों पक्षों ने शुक्रवार को चांडिल थाना पहुंचकर लिखित समझौता पत्र सौंपा और स्पष्ट किया कि वे इस मामले में आगे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। साथ ही भविष्य में आपसी सौहार्द बनाए रखने का भी भरोसा दिया।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को भालूककोचा स्थित यदुवंशी होटल में सुफल मुर्मू, नरेश साहू, राजू कुम्हार, राजू किस्कू, कार्तिक प्रामाणिक, नयन सोरेन समेत अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, जिसके बाद मामले की शिकायत चांडिल थाना में दर्ज कराई गई थी।

बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आपसी गलतफहमी दूर होने के बाद विवाद समाप्त करने पर सहमति बनी। इसके तहत 24 जुलाई को चांडिल थाना में दोनों पक्षों की मौजूदगी में लिखित समझौता कराया गया। शिकायतकर्ता ने भी अपने पूर्व आवेदन पर आगे किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने की सहमति दी।

समझौता पत्र में दोनों पक्षों ने यह भी उल्लेख किया है कि भविष्य में वे एक-दूसरे के विरुद्ध किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न नहीं करेंगे तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहेंगे।

इस मामले से जुड़े घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि कथित रंगदारी प्रकरण में पूर्व नक्सली महाराज प्रामाणिक की वास्तविक भूमिका नहीं पाई गई। समझौते के दौरान स्पष्ट किया गया कि उनका इस विवाद में कोई हस्तक्षेप नहीं था। उल्लेखनीय है कि पहले एक व्यवसायी ने कुछ लोगों पर महाराज प्रामाणिक का नाम लेकर रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए चांडिल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के साथ पूरे विवाद का पटाक्षेप हो गया है।

Share This Article