रथ मेला में मोबाइल छिनतई करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
रांची, 24 जुलाई : राजधानी में आयोजित रथ मेला के दौरान लगातार सामने आ रही मोबाइल छिनतई और चोरी की घटनाओं पर रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अभियान चलाकर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छिनतई का एक मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें तथा चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रथ मेला के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल छिनतई और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर पुलिस कंट्रोल रूम को दें।