अवैध अफीम खेती रोकने के लिए सरायकेला-खरसावाँ पुलिस का प्री कल्टीवेशन ड्राइव
सरायकेला, 14 सितम्बर 2025 : जिलांतर्गत अफीम की अवैध खेती की संभावना को पूरी तरह नगण्य बनाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने प्री कल्टीवेशन ड्राइव शुरू किया है। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
आज रविवार को इस अभियान के तहत कांड्रा थाना क्षेत्र के हुदु पंचायत के उपरबेरा और कोनामार्चा गांव, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ बाजार, कुचाई थाना क्षेत्र के चम्पद गांव, दलभंगा ओपी क्षेत्र के दलभंगा बाजार तथा खरसावां थाना क्षेत्र के हुड़ांगड़ा गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जागरूकता अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए अफीम की खेती और उसके अवैध विक्रय से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनन यह गंभीर अपराध है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलों को अपनाएं, जिससे न केवल कानूनी दिक्कतों से बचा जा सके बल्कि आर्थिक रूप से भी बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सके।