पटमदा, 14 अप्रैल : संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पटमदा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान उनके विचारों, संघर्षों और योगदान को याद करते हुए समाज में समानता और शिक्षा का संदेश दिया गया।
वहीं पटमदा के काटिन चौक में भी अंबेडकर जयंती सादगीपूर्ण एवं गरिमामय तरीके से मनाई गई। यहां जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा, समानता और संविधान के माध्यम से देश को सशक्त आधार प्रदान किया।
इस दौरान वक्ताओं ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को आज के समय में भी प्रासंगिक बताते हुए समाज में भाईचारा और समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण और विकास का आश्वासन भी दिया, ताकि इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्थल बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और एक समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे।