रक्षा राज्यमंत्री की प्रेरणा से Gen Z ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, बांटी पाठ्य सामग्री
चांडिल, 24 अगस्त: आज के दौर में जन्मदिन युवाओं के लिए मौज-मस्ती और भव्य आयोजन का अवसर बनता जा रहा है। होटल, रेस्टोरेंट और दोस्तों के साथ पार्टी के बीच जन्मदिन मनाने की परंपरा आम हो गई है। लेकिन चांडिल के युवा हिमेश महतो ने अपनी 18वीं वर्षगांठ को इससे अलग अंदाज में मनाकर समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने जन्मदिन पर दिखावे से दूर रहते हुए गांव के बच्चों के बीच समय बिताया और उन्हें पाठ्य सामग्री वितरित की।
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो के बड़े पुत्र हिमेश महतो ने चांडिल प्रखंड के धातकीडीह (भादूडीह) स्थित अपने आवास पर परिवार और गांव के बच्चों के साथ सादगीपूर्वक जन्मदिन मनाया। इस दौरान केक काटकर बच्चों और परिजनों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने दादा-दादी और माता-पिता का आशीर्वाद भी लिया। इसके बाद गांव के सैकड़ों बच्चों को भोजन कराया गया तथा स्कूली बैग, कॉपी, पेंसिल समेत अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन भादूडीह-धातकीडीह ग्राम विकास फाउंडेशन के बैनर तले किया गया। हिमेश महतो ने बताया कि उन्होंने इस फाउंडेशन की स्थापना गांव के विकास और विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के उद्देश्य से की है। पढ़ाई के साथ-साथ वह अपने गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम करना चाहते हैं।
संजय सेठ से मिली सादगी और सेवा की प्रेरणा
हिमेश महतो ने बताया कि जन्मदिन को सादगी से मनाने और बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री वितरित करने की प्रेरणा उन्हें केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ से मिली। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से वह दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं और इस दौरान उन्हें मंत्री संजय सेठ के साथ समय बिताने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि मंत्री के कार्यों और लोगों से जुड़ने के तरीके से उन्हें यह सीख मिली कि सादगी और जनसेवा से बड़ा कुछ नहीं है। बड़े पद पर होने के बावजूद संजय सेठ आम लोगों के बीच सहजता से मिलते हैं और उनके व्यवहार में पद का कोई दिखावा नजर नहीं आता।
हिमेश महतो ने कहा कि उनका प्रयास है कि फाउंडेशन के माध्यम से गांव के बच्चों की शिक्षा को मजबूत किया जाए। भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की मदद और गांव के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।



