किराएदारों को कराया गया खाली, संपत्ति और दस्तावेजों की जांच – पत्नी डोली परवीन से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में
आदित्यपुर, 05 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आदित्यपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को एच रोड स्थित मुस्लिम बस्ती में कुख्यात अपराधी कदीम खान से जुड़े बताए जा रहे मकानों और जमीन की जांच की।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर जांच-पड़ताल की। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है और संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसके बाद पुलिस ने वहां रह रहे कुछ किराएदारों को मकान खाली कराया तथा संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की।
जांच का दायरा कदीम खान की पत्नी डोली परवीन से जुड़े बताए जा रहे ठिकानों और संपत्तियों तक भी पहुंच गया है। पुलिस उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही किसी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि संबंधित मकानों से मिलने वाले किराए का कथित तौर पर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक सहयोग में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी पहलू की भी जांच की जा रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि अवैध कारोबार और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



