कथित गलत चालान काटने पर चालक का हंगामा, सड़क पर बैठकर किया विरोध, कुछ देर लगा जाम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कथित गलत चालान काटने पर चालक का हंगामा, सड़क पर बैठकर किया विरोध, कुछ देर लगा जाम

चांडिल, 23 जुलाई : चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी में वाहन जांच के दौरान कथित तौर पर गलत ऑनलाइन चालान काटे जाने से नाराज एक वाहन चालक ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चालक के विरोध के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ानेगी स्थित बिनोद बिहारी चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन चालक का ऑनलाइन चालान काटा गया। इससे नाराज चालक सड़क पर बैठ गया और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा करने लगा।

चालक का आरोप था कि उसके वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध थे तथा उसने सीट बेल्ट भी पहन रखी थी। इसके बावजूद बिना किसी स्पष्ट कारण के उसका ऑनलाइन चालान काट दिया गया। चालक ने कार्रवाई को गलत बताते हुए उसे तत्काल निरस्त करने की मांग की।

मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारियों एवं जवानों ने चालक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा और विरोध जारी रखा। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग और पुलिस की समझाइश के बाद चालक शांत हुआ तथा सड़क से हट गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। मामले को लेकर क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। चालक द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

Share This Article