खरकाई नदी का जलस्तर बढ़ने से आदित्यपुर में बढ़ी बाढ़ की आशंका, नदी किनारे बस्तियों में दहशत

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

खरकाई नदी का जलस्तर बढ़ने से आदित्यपुर में बढ़ी बाढ़ की आशंका, नदी किनारे बस्तियों में दहशत

आदित्यपुर, 18 अगस्त : लगातार हो रही बारिश के कारण खरकाई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आदित्यपुर खरकाई ब्रिज के नीचे नदी का पानी अब महज कुछ फीट की दूरी पर बह रहा है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए नदी किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार रामबढ़िया बस्ती, भाटिया बस्ती, राधास्वामी क्षेत्र, बाबा आश्रम और हरिओम नगर के निचले इलाके बाढ़ की दृष्टि से सबसे अधिक संवेदनशील हैं। लोगों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो इन इलाकों में पानी घुस सकता है।

शेल्टर होम दुरुस्त करने का निर्देश

आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त ने बताया कि संभावित आपात स्थिति को देखते हुए 14 अगस्त को ही शेल्टर होम को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए गए थे। जरूरत पड़ने पर नदी किनारे के प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर शेल्टर होम में रखा जाएगा। वहां लोगों के लिए सूखे भोजन समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने की भी बात कही गई है।

माइकिंग नहीं होने से लोगों में नाराजगी

हालांकि, स्थानीय लोगों ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद अब तक संवेदनशील इलाकों में माइकिंग कर लोगों को पर्याप्त रूप से सचेत नहीं किया गया है। लोगों का यह भी कहना है कि कई शेल्टर होम अभी पूरी तरह तैयार नहीं हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से समय रहते राहत और बचाव की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, नदी में तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने, विशेष सावधानी बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही गई है।

Share This Article