अतिवृष्टि से घर गिरने के हादसे में घायलों से मिलीं विधायक सविता महतो, आर्थिक मदद के साथ अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

अतिवृष्टि से घर गिरने के हादसे में घायलों से मिलीं विधायक सविता महतो, आर्थिक मदद के साथ अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश

चांडिल, 18 अगस्त : विगत दिनों हुई अतिवृष्टि के कारण सरायकेला खरसावां जिले के कपाली के मिल्लत नगर में घर गिरने से घायल हुए लोगों का हाल जानने सोमवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ताज नगर स्थित टी एंड बी हॉस्पिटल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें निजी स्तर पर आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

विधायक ने चांडिल बीडीओ सह सीओ तालेश्वर रविदास और कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी को सरकारी प्रावधानों के तहत घायलों को जल्द से जल्द आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके बाद विधायक ने कपाली मिल्लत नगर के वार्ड नंबर-02 स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पेयजल की समस्या पर भी लिया संज्ञान

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान वार्ड की महिलाओं ने विधायक के समक्ष फॉरेस्ट पानी टंकी से होने वाली जलापूर्ति की पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने और पानी लीकेज की समस्या रखी। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने तत्काल पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की और पाइपलाइन की लीकेज को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

विधायक के इस त्वरित हस्तक्षेप से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति की समस्या भी लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है।

मौके पर चांडिल सीओ तालेश्वर रविदास, झामुमो केंद्रीय सदस्य राजीव महतो उर्फ काबलू, कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी, अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद, पूर्व उपाध्यक्ष सरवर आलम, झामुमो नेता मो. नौशाद, शेख फरीद, मो. अरशद, सैयद सलाउद्दीन, मो. मोहसिन खान समेत झामुमो के कई नेता-कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This Article