आमदा में 1.054 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक व मोबाइल जब्त
सरायकेला, 13 जून : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने आमदा ओपी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1.054 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ाबाम्बो से खमारडीह होते हुए आमदा की ओर जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के बाद एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भरद्वाज के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आमदा रेलवे ब्रिज के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान शुक्रवार देर रात करीब 1:45 बजे एक लाल-काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH05U-2402) पर सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्लास्टिक के झोले में रखा 1.054 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगेश्वर प्रधान (34) के रूप में हुई है। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के लवजूड़ा काला गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस अभियान में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, योगेश रजक, काशिकांत गोराई समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।