NEET-2026 और CBSE मूल्यांकन विवाद पर झामुमो का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला फूंका

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

सरायकेला, 23 जुलाई : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) और सीबीएसई की मार्किंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सरायकेला के गैराज चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में झामुमो की केंद्रीय, जिला, नगर, प्रखंड, पंचायत एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान निष्पक्ष एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग उठाई गई।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शुभेन्दु महतो ने आरोप लगाया कि NEET-2026 और CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनके अनुसार, सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज सुननी चाहिए।

झामुमो नेताओं ने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महली, सुधीर महतो, विशु हेमब्रम, रानी हेमब्रम, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article