छात्रों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 23 जुलाई : नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, छात्रों पर हुई कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जमशेदपुर में विरोध-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों से करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा टूट रहा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन में कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की है कि नीट सहित सभी कथित परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।

कांग्रेस ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई कथित बलपूर्वक कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग उठाई।

इसके अलावा ज्ञापन में परीक्षा प्रबंधन में हुई कथित चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने तथा छात्रों पर हुई कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा लेने की भी मांग की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार को इस मामले में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article