कांड्रा टोल प्लाजा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, ओवरलोडिंग पर वाहन चालकों को किया गया सचेत

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कांड्रा टोल प्लाजा में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, ओवरलोडिंग पर वाहन चालकों को किया गया सचेत

 

सरायकेला, 10 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत शनिवार को सरायकेला–खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। निर्धारित थीम “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” के अनुरूप अभियान के दसवें दिन कांड्रा टोल प्लाजा परिसर में जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा टीम द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान बड़े एवं छोटे वाहनों की विशेष रूप से जांच एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। इस क्रम में टेंपो, मिनी वैन एवं ऑटो रिक्शा जैसे सार्वजनिक परिवहन वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी ढोने से उत्पन्न होने वाले खतरों के बारे में वाहन चालकों और आम यात्रियों को जानकारी दी गई। सड़क सुरक्षा टीम ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, जिससे जान-माल की भारी क्षति होने की आशंका बनी रहती है।

वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ढोना मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान को भी गंभीर खतरे में डालता है। अभियान के दौरान चालकों से अपील की गई कि वे वाहन की निर्धारित बैठने की क्षमता का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में ओवरलोडिंग से बचें।

सड़क सुरक्षा टीम द्वारा यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के महत्व पर भी जोर दिया गया। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई की जानकारी देकर वाहन चालकों को सतर्क किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

Share This Article