11वें वर्ष में प्रवेश करेगा कार्यक्रम, 27 अक्टूबर को स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताओं के साथ महिलाओं के लिए होगी मेहंदी प्रतियोगिता
गम्हरिया, 22 अक्टूबर : स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को गम्हरिया स्थित दुर्गा पूजा मैदान में कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के जिला संयोजक सह कार्यक्रम अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने की। बैठक में सर्वसम्मति से कार्यक्रम की तिथि 7 नवंबर 2026, शनिवार को निर्धारित की गई। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से आयोजित होगा।
वर्ष 2016 में उरी हमले के बाद देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह कार्यक्रम इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस अवसर पर गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम के तहत 27 अक्टूबर को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूली बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता रखी गई है।
बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इस दौरान मंच की पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा, संघर्ष वाहिनी प्रमुख विवेक कुमार, झारखंड आंदोलनकारी बाबू मिश्रा, युवा समाजसेवी अमित सिंह देव, शैलेश तिवारी, राजन साहू, बाबूराम मार्डी, पूनम ठाकुर, जितेंद्र सिंह, अमित मंडल एवं सत्यम मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



