शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश, स्कूलों में 100% उपस्थिति और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर
सरायकेला, 01 अक्टूबर : जिले में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयवार और प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान APAAR ID जनरेशन में धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विद्यालयों में तेजी से APAAR ID जनरेशन पूरा कराने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वेतन निकासी पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, जिन बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार या बैंक खाता किसी कारण से नहीं बन पाया है, उन्हें जल्द पूरा कराने को कहा गया।
उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। कम उपस्थिति वाले विद्यालयों में सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा मध्याह्न भोजन, पोशाक समेत सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत बच्चों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालयों में नियमित गुरु गोष्ठी आयोजित करने और शिक्षकों के बीच बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं विद्यालय की समस्याओं को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, व्यवहारिक ज्ञान और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ कक्षाओं में दीवार लेखन एवं ICT आधारित शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
स्मार्ट क्लास की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के उपकरण उपलब्ध हैं, वहां शत-प्रतिशत स्मार्ट क्लास का संचालन सुनिश्चित किया जाए। खराब उपकरणों के कारण संचालन बाधित होने वाले विद्यालयों में संबंधित स्तर पर समन्वय कर उपकरणों की मरम्मत कराने और स्मार्ट क्लास फिर से शुरू करने को कहा गया।
विद्यालयों में बिजली, शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। रोस्टर के अनुसार बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण कराने तथा एमओआईसी के साथ समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने को कहा गया।
बैठक में किशोरियों को किशोरी समृद्धि योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बीडीओ और सीडीपीओ के साथ समन्वय कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।
विभिन्न शैक्षणिक सूचकांकों और परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बच्चों के अंक एवं परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक जवाबदेही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार समेत सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी और अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



