श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) का 79वां रक्तदान शिविर सफल, 71 यूनिट रक्त संग्रहित

चांडिल, 01 मार्च : समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाली सामाजिक संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। ट्रस्ट द्वारा अपने अब तक के 79वें तथा वर्ष 2026 के 5वें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर MGM Medical College and Hospital के ब्लड सेंटर के सहयोग से संपन्न हुआ।
चांडिल शाखा के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया, जिसमें कुल 71 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। संस्था द्वारा हर तीन महीने पर नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने की परंपरा समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
शिविर के सफल संचालन में एमजीएम ब्लड सेंटर की टीम से डॉ. नातासा देवगम, हुस्न आरा, राघव कुमार, ओम प्रकाश एवं कृष्णा वर्मा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, मंडली के संरक्षक-सह-संस्थापक के मार्गदर्शन में चांडिल शाखा के जयदेव बनर्जी, संदीप हाजरा, समर बनर्जी, राहुल हेंब्रम, बुद्धेश्वर गोप, जगदीश मार्डी, मंटू सिंह मोदक, बिश्वजीत प्रमाणिक, देव प्रकाश गोराई एवं मनीष मुखर्जी सहित सभी सदस्यों ने अथक परिश्रम कर इस शिविर को सफल बनाया।
रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। संस्था का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना ही नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है।
“एक यूनिट रक्त – कई जिंदगियों की उम्मीद” के संदेश के साथ श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) निरंतर समाजसेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ा रही है।



